धामी सरकार में सचिवालय की बढ़ेंगी सुविधाएं, 59.34 करोड़ से बन रहा छह मंजिला भवन,मार्च 2027 तक पूरा होगा निर्माण।

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में सचिवालय की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विश्वकर्मा भवन के निकट 59.34 करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला वैकल्पिक भवन का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें बेसमेंट में 125 वाहनों की पार्किंग, ऊपरी मंजिलों पर अधिकारियों के कार्यालय, बैठक कक्ष, बैंक और डाकघर जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
राज्य संपत्ति विभाग के नियंत्रणाधीन इस परियोजना (जी+5) का कुल निर्मित क्षेत्रफल 1,04,480 वर्गफुट है, जिसका स्ट्रक्चरल और आंतरिक चिनाई का कार्य पूरा हो चुका है तथा लगभग 60 प्रतिशत भौतिक प्रगति के साथ इसका निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि इस आधुनिक भवन के बनने से सचिवालय में कार्यालयी व्यवस्थाएं और अधिक सुव्यवस्थित होंगी तथा अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।




