Uncategorized

समयबद्ध और पारदर्शी सत्यापन प्रक्रिया का मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान

भारत सरकार ने “इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस” से किया सम्मानित

देहरादून। पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट, प्रभावी और समयबद्ध कार्य निष्पादन के लिए उत्तराखण्ड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित “इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवॉर्ड फॉर स्टेट पुलिस” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया जाता है।

नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित एक समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए. पी. अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और समयबद्ध कार्यप्रणाली के माध्यम से पुलिस ने सत्यापन प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सुगम बनाया है, जिसका लाभ आम नागरिकों को सीधे तौर पर मिला है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखण्ड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यकुशलता, प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड पुलिस भविष्य में भी नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button