चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों पर सीएम सख्त, सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता।

देहरादून।
चारधाम यात्रा के पहले चरण में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद अब राज्य सरकार दूसरे चरण की तैयारियों में जुट गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक संख्या में यात्रियों के आने से कुछ स्थानों पर चुनौतियां जरूर सामने आईं, लेकिन प्रशासन, मंदिर समितियों और धार्मिक संगठनों के समन्वय से यात्रा सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून को देखते हुए अब सुरक्षा, पेयजल, आवास, दर्शन व्यवस्था, परिवहन और हेली सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लैंडस्लाइड और आपदा संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही होल्डिंग जोन, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों और श्रद्धालुओं की संख्या की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा को लेकर नकारात्मक वीडियो और टिप्पणियां प्रसारित करने वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से प्रदेश की छवि और सनातन आस्था की इस महत्वपूर्ण यात्रा को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि यात्रा से राज्य में रोजगार और आजीविका को बड़ा सहारा मिल रहा है।




