
देहरादून।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज (GDMC) में स्टाइपेंड बढ़ोतरी की मांग को लेकर पिछले 9 दिनों से जारी इंटर्न और रेजीडेंट डॉक्टरों की हड़ताल स्वास्थ्य सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद इस माह के अंत तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
आंदोलन की अगुवाई कर रहे डॉ. अभिजीत राठी ने बताया कि शासन स्तर से सभी कागज़ी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और स्वास्थ्य सचिव ने आश्वासन दिया है कि आगामी 5 से 10 दिनों में होने वाली कैबिनेट बैठक में उत्तर प्रदेश के समान स्टाइपेंड देने का फैसला ले लिया जाएगा। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल को पूरी तरह से समाप्त करने के बजाय केवल आगे बढ़ाया गया है; यदि इस महीने के अंत तक कैबिनेट से निर्णय नहीं आता है, तो वे आपातकालीन (Emergency) सेवाओं को भी ठप करने जैसा कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। फिलहाल आश्वासन मिलने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिली है।




