मुख्यमंत्री धामी ने बदरीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लेकर दिए समयबद्धता के निर्देश।

बदरीनाथ,चमोली।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने धाम में संचालित मास्टर प्लान के अंतर्गत विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धाम की आध्यात्मिक गरिमा का ध्यान रखते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में धाम के पौराणिक व भव्य स्वरूप के विकास पर बल दिया। इसके अलावा, उन्होंने स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान द्वारा आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में भी प्रतिभाग किया, जहाँ 150 से अधिक संतों एवं 1200 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में उन्होंने भारत की सनातन चेतना, आध्यात्मिक विरासत और उत्तराखण्ड के समग्र विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।




