
देहरादून।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र अंतर्गत विष्णुलोक कॉलोनी, तपोवन रोड में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पैसों के मामूली लेनदेन के विवाद में एक सिरफिरे प्लंबर ने पेचकस से गोदकर बुजुर्ग दंपत्ति और बीच-बचाव करने आई एक महिला की निर्मम हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण: आज दोपहर करीब 3:10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि तपोवन रोड स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में एक व्यक्ति घर में चोरी की नीयत से घुसा है, जिसे स्थानीय निवासियों ने पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस जब घर के अंदर पहुंची, तो वहां तीन लोग खून से लथपथ बेहोश पड़े थे। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान:
- रमेश कपूर (उम्र 80 वर्ष), निवासी लेन नंबर 2, विष्णुलोक कॉलोनी, तपोवन रोड, रायपुर।
- रजनी कपूर (उम्र 75 वर्ष), पत्नी रमेश कपूर।
- तिलया देवी उर्फ शीला (उम्र 48 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय पवन राम, निवासी बिहारी बस्ती, विद्या विहार, रायपुर (पड़ोस के घर में काम करने वाली नौकरानी)।
वारदात की वजह और पुलिस जांच:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई। मृतक महिला के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 2 वर्षों से बुजुर्ग दंपत्ति के घर प्लंबिंग का काम करने आता था। आज भी दंपत्ति ने उसे काम के लिए ही घर बुलाया था। काम खत्म होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गुस्साए आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से दंपत्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। इसी दौरान पड़ोस में काम करने वाली नौकरानी बुजुर्ग दंपत्ति की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंची, तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पेचकस (आला कत्ल) और एक सोने की चेन बरामद की है।
- आरोपी: राजकुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह
- वर्तमान पता: इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, थाना कोतवाली नगर, देहरादून।
- मूल निवासी: बांदा, थाना किरतपुर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अभियुक्त से गहनता से पूछताछ जारी है।




