
देहरादून।
साहित्य, सिनेमा और पत्रकारिता में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने वाली पौड़ी की बेटी को मिली अहम जिम्मेदारी ,उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है कि पौड़ी गढ़वाल के सुमाड़ी गांव की मूल निवासी, प्रसिद्ध लेखिका, पुरस्कार विजेता पटकथा लेखक एवं स्तंभकार अद्वैता काला को देश के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती का प्रधान सलाहकार नियुक्त किया गया है। साहित्य, सिनेमा और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी अद्वैता काला की इस नियुक्ति को उनके व्यापक अनुभव और रचनात्मक योगदान का महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है।
अद्वैता काला ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनका चर्चित उपन्यास ऑलमोस्ट सिंगल (Almost Single) बेस्टसेलर रहा है। उनकी पुस्तकों का प्रकाशन अमेरिका और फ्रांस में भी हो चुका है, जिससे उन्हें वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है।
सिनेमा के क्षेत्र में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने बहुचर्चित हिंदी फिल्म कहानी (Kahaani) की पटकथा लिखी है। इस फिल्म के लिए उन्हें स्क्रीन अवॉर्ड और जी सिने अवॉर्ड सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इसके अलावा वह एक सक्रिय स्तंभकार और राजनीतिक-सामाजिक विश्लेषक के रूप में भी अपनी पहचान रखती हैं। विभिन्न राष्ट्रीय समाचार पत्रों और टेलीविजन मंचों के माध्यम से वह समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखती रही हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद अद्वैता काला का अपनी जन्मभूमि उत्तराखंड और पैतृक गांव से गहरा जुड़ाव बना हुआ है। कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने ‘प्रोजेक्ट भुली’ के माध्यम से पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न गांवों और स्थानीय समुदायों तक सहायता पहुंचाने की सराहनीय पहल की थी।
प्रसार भारती में प्रधान सलाहकार के रूप में उनकी नियुक्ति को सार्वजनिक प्रसारण व्यवस्था में साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता और जनसंचार के उनके व्यापक अनुभव के उपयोग की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड, बल्कि प्रदेश की प्रतिभाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।




