उत्तराखंडनिर्वाचन

उत्तराखंड में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 72.78 लाख से अधिक वोटर पंजीकृत; 11 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां।

देहरादून।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखण्ड राज्य में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान संपादित किया जा रहा है। राज्य में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है।

​अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में उत्तराखण्ड में कुल 72,78,035 मतदाता शामिल किए गए हैं। जिसमें 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष मतदाता एवं 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में सर्विस मतदाताओं की संख्या 86,028 है, जिसमें 83,352 पुरुष एवं 2,676 महिला शामिल हैं। वर्तमान में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 12,498 हो गई है।

​भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान संपादित किया गया। इस अभियान में 1,25,216 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि 6,130 मतदाताओं के फॉर्म 7 प्राप्त होने पर विधिवत निस्तारित किए गए।

​अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड राज्य की ड्राफ्ट मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन विजिट कर देखा जा सकता है। इसके साथ ही डीईओ / ईआरओ कार्यालय एवं बीएलओ के माध्यम से भी सूची को देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रति मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई है तथा जनपद स्तर पर मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है।

​अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद ऐसे व्यक्ति जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं या किन्हीं कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे 11 दिसंबर 2026 तक फॉर्म 6 भरकर अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन मोड में आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन फॉर्म 6 भरकर आवेदन किया जा सकता है।

​उत्तराखण्ड राज्य में हाल ही में संपादित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 के तहत 03 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया था, जिसमें कुल 71,58,949 मतदाता (34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष, 212 थर्ड जेंडर मतदाता) शामिल थे।

​आयोग द्वारा जारी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के कार्यक्रमानुसार 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही 28 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई भी की जाएगी। 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button