उत्तराखंडशासन

अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर एमडीडीए की सर्जिकल स्ट्राइक, पुलिस बल के साथ की बड़ी कार्रवाई

अवैध निर्माण पर एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, 200 से अधिक निर्माणों पर गिरी गाज

बंशीधर तिवारी बोले – जनता की सुरक्षा सर्वोपरि, नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी छूट

देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण व प्लॉटिंग के विरुद्ध सख़्त रुख अपनाते हुए अभियान को और तेज कर दिया है। प्राधिकरण अब तक 200 से अधिक अवैध निर्माण व प्लॉटिंग पर कार्रवाई कर चुका है और यह सिलसिला लगातार जारी है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि नियमों के विपरीत निर्माण कार्य करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग प्राधिकरण के नियमों का पालन करते हैं, उनके हित पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन जो नियम तोड़ते हैं, उनके खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।


हर्बटपुर, विकासनगर और डाकपत्थर में चला बुलडोजर

एमडीडीए की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को हर्बटपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और सेलाकुई क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण व सीलिंग की बड़ी कार्रवाई की।

  • हर्बटपुर के एटनबाग में प्रशांत द्वारा लगभग 5 बिघा भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।

  • अमर सिंह द्वारा हर्बटपुर में निर्मित दो मंजिला अवैध व्यवसायिक भवन को सील कर दिया गया।


विकासनगर और डाकपत्थर में सीलिंग की कार्रवाई

  • चकराता रोड, बाबूगढ़ स्थित हेरिटेज वैडिंग प्वाइंट में भरत सिंह नेगी द्वारा किए गए अवैध व्यवसायिक निर्माण को सील किया गया।

  • गुरुद्वारा चौक, विकासनगर में नीरज गुप्ता व मनोज कुमार द्वारा चल रहे निर्माण कार्यों को भी सील किया गया।

  • तेलपुर मार्ग, दुर्गा मंदिर के निकट रामशाह के निर्माण और

  • जीवनगढ़, डाकपत्थर में रविंद्र चौहान, शाहिल व आशु द्वारा किए जा रहे निर्माणों पर भी ताले लगे।


सेलाकुई में क्रीड़ा मैदान पर भी कार्रवाई

बहादुरपुर रोड, सेलाकुई में सुनील थापा द्वारा लगभग 2.5 बिघा भूमि पर कॉलम के माध्यम से बन रहे क्रीड़ा मैदान पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।


प्रशासनिक टीम और पुलिस बल रहे साथ

इस पूरी कार्यवाही के दौरान सेक्टर सहायक अभिषेक भारद्वाज, प्राधिकरण की संयुक्त टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


‘जनता की सुरक्षा और सुनियोजित विकास है प्राथमिकता’ – बंशीधर तिवारी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा,

“प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या प्लॉटिंग को हरगिज़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की सुरक्षा और शहरी विकास की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए नियमों के विरुद्ध कार्य करने वालों पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और बिना किसी दबाव के निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ेगा।”

Related Articles

Back to top button