Uncategorized

उत्तराखंड में जमीन घोटाले से जुड़ी बड़ी खबर- दो भाजपा नेताओं पर जमीन धोखाधड़ी की हुई पुष्टि!

देहरादून:

उत्तरकाशी जिले के बड़कोट क्षेत्र से जुड़े भूमि हस्तांतरण मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। देहरादून निवासी शशि नेस्ले प्रीटोरियस के प्रकरण में भूमि बिक्री में धोखाधड़ी की बात सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अब पुलिस जांच के निर्देश दिए गए हैं।

जिस पर उप जिलाधिकारी बड़कोट ने 4 अप्रैल 2026 को भेजी गई रिपोर्ट में बताया कि जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) उत्तरकाशी की विधिक राय के अनुसार मामले में अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड बड़कोट और तहसीलदार बड़कोट से भूमि हस्तांतरण, पंजीकृत विक्रय पत्र और नामांतरण से जुड़े दस्तावेज मांगे गए।

रिपोर्ट में यह पाया गया कि मालचन्द पुत्र सुरजनु व जशोदा उर्फ यशोदा राणा पत्नी भूपेन्द्र सिंह ने अपने हिस्से से अधिक भूमि बेची है, जिसमें धोखाधड़ी करना पाया गया।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने उप जिलाधिकारी बड़कोट द्वारा भेजी गई आख्या को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र को भेज दिया है। कहा गया कि मामले की विधिवत पुलिस जांच कराई जाए और जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाय।

साथ ही उप जिलाधिकारी बड़कोट को निर्देश दिए गए कि पुलिस विभाग द्वारा मांगे जाने पर सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए जाएं, ताकि जांच प्रक्रिया निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से पूरी हो सके।

बतादें कि शशि नेस्ले प्रिटोरियस ने पिछले वर्ष पूर्व विधायक व भाजपा नेता मालचंद और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा नेत्री जसोदा राणा पर आरोप लगाए थे कि उन्होंने ओजरी स्थित दयाबैंड के पास उनकी जमीन को उनकी बिना इजाजत व कोई परामर्श किए बगैर बेच दी, इसके बाद प्रशासनिक जांच में यह रिपोर्ट सामने आई कि मालचंद और जसोदा राणा ने अधिक भूमि बेचकर धोखाधड़ी की है।

Related Articles

Back to top button