
देहरादून, 20 नवंबर 2026,
सुद्धोवाला, देहरादून में चल रही तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला के दूसरे दिन आज सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नियोजन, संचालन और दीर्घकालिक रखरखाव की कार्ययोजना पर गहन मंथन किया गया। इस दौरान अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव ने सभी विभागों को अपनी परिसंपत्ति प्रबंधन योजना (Asset Management Plan) को सुव्यवस्थित और सुदृढ़ तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए।
अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव ने कार्यशाला में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और छोटे-छोटे सुधारात्मक बदलावों (Incremental Improvements) पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विभागों को स्पष्ट और मापनीय SMART Goals तय करने चाहिए तथा प्रत्येक लक्ष्य के अनुरूप इंडिकेटर्स और टारगेट्स निर्धारित करने चाहिए। लक्ष्य प्राप्ति के लिए विभागों को ‘गैप असेसमेंट’ करने का सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि इससे वर्तमान स्थिति और अपेक्षित परिणामों के बीच के अंतर को पहचानकर आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एक प्रभावी परिसंपत्ति प्रबंधन योजना से विभाग अपनी मौजूदा संपत्तियों का बेहतर संरक्षण कर सकेंगे, जिससे नए निर्माण पर होने वाले अनावश्यक व्यय में कमी आएगी और संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित होगा।
कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और उत्तराखंड के अधिकारियों ने राज्य की प्रमुख परियोजनाओं के मूल्यांकन और प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की। इनमें मुख्य रूप से आईएसबीटी हाउसिंग सोसायटी एवं पार्किंग सुविधा, आयुष अस्पताल भवन, देहरादून के शीशमबाड़ा स्थित सीवेज वेस्ट मैनेजमेंट फैसिलिटी, ग्रामीण सामुदायिक केंद्रों को पर्यटन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने, प्रदेश भर में पार्किंग सुविधाओं, कैंची मल्टीस्टोरी पार्किंग और ग्रामीण सड़क अवसंरचना जैसे विषय शामिल रहे। इसके अतिरिक्त, यूएनडीईएसए (UNDESA) द्वारा प्रतिभागियों को ‘UN-IAM टूलकिट’ के व्यावहारिक उपयोग पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
इस अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में यूएनडीईएसए के डॉ. डेनियल प्लात्ज सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, केन्या और घाना के प्रतिनिधियों तथा राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।




