Uncategorized

राष्ट्रपति मुर्मू अपने दो दिवसीय दौरे पर कल पहुँचेगी दून, सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबन्द,रूट रहेंगे डायवर्ट।

देहरादून।

देवभूमि उत्तराखंड एक बार फिर महामहिम राष्ट्रपति के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय दौरे पर कल देहरादून पहुंच रही हैं। राष्ट्रपति के इस अहम दौरे का मुख्य आकर्षण होगा ‘भारतीय सैन्य अकादमी’ यानी IMA की पासिंग आउट परेड, जहां वो बतौर मुख्य अतिथि देश के भावी सैन्य अफसरों की सलामी लेंगी।

​लेकिन, इस वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए अगर आप कल और परसों देहरादून की सड़कों पर निकलने वाले हैं, तो यह खबर सिर्फ और सिर्फ आपके लिए है। देहरादून पुलिस ने सुरक्षा के ऐसे पुख्ता इंतजाम किए हैं कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, साथ ही आम जनता को परेशानी न हो, इसके लिए एक तगड़ा रूट डाइवर्जन प्लान भी जारी किया गया है।

सबसे पहले बात करते हैं सुरक्षा की। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरी केपिटल सिटी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कार्यक्रम स्थल, राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन और आसपास के हवाई क्षेत्र को पूरी तरह से ‘नो ड्रोन जोन’ घोषित कर दिया है। यानी निजी या व्यावसायिक ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। चप्पे-चप्पे पर उत्तराखंड पुलिस, एलआईयू और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं। संदिग्धों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

अब बात करते हैं उस रूट प्लान की, जिसे जाने बिना अगर आप घर से निकले, तो जाम में फंस सकते हैं। देहरादून पुलिस ने भारी वाहनों के साथ-साथ आम ट्रैफिक के लिए रास्ते बदले हैं जो वाहन हरिद्वार से देहरादून आ रहे हैं, उन्हें भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन से डोईवाला चौक और फिर दूधली मार्ग होते हुए कारगी चौक से शहर में एंट्री दी जाएगी।

​ऋषिकेश से देहरादून,मसूरी की तरफ से आने वाले वाहनों को रानीपोखरी, भोगपुर से थानो होते हुए 6 नंबर पुलिया भेजा जाएगा। वहां से सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए रूट डायवर्ट रहेगा।
मसूरी से देहरादून आने वाली गाड़ियों को कुठाल गेट से ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुल और किरशाली चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

​दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान इस रूट पर भी वाहनों की आवाजाही को समय-समय पर नियंत्रित या प्रतिबंधित किया जाएगा।

 

Related Articles

Back to top button