उत्तराखंडशासन

मुख्यमंत्री धामी ने ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का किया शुभारंभ, ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का किया विमोचन।

देहरादून।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ तथा ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि ये दोनों पहलें प्रदेश में सुशासन को मजबूत बनाने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और उत्तराखंड के दीर्घकालिक विकास को स्पष्ट दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

​मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सफलता का वास्तविक पैमाना केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को एक ही जानकारी के लिए बार-बार दस्तावेज देने और विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा सरकारी सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनेंगी।

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए, ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ के तहत लगभग 440 संकेतकों के आधार पर दीर्घकालिक लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

​मुख्य लक्ष्य और बिंदु:

  • ​आर्थिक विकास: वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये तथा प्रतिव्यक्ति आय को लगभग 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
  • ​बेरोजगारी और गरीबी: बेरोजगारी दर को 3.5 प्रतिशत और बहुआयामी गरीबी को 0.61 प्रतिशत तक कम करना।
  • ​ऊर्जा और पर्यावरण: राज्य की स्थापित ऊर्जा क्षमता को लगभग 22 हजार मेगावाट तक बढ़ाना तथा वन आच्छादन को 46.6 प्रतिशत तक पहुंचाना।
  • ​देवभूमि परिवार पोर्टल: इसके तहत प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा और पंजीकरण के बाद प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट ‘देवभूमि परिवार आईडी’ प्रदान की जाएगी। इससे योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान और विभागों के बीच बेहतर समन्वय में मदद मिलेगी।

​इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक सविता कपूर, सेतु आयोग के सलाहकार दिनेश अग्रवाल, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सेतु आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शत्रुघ्न सिंह, नीति आयोग की कार्यक्रम निदेशक डॉ. सोनिया पंत, आदित्य कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button