उत्तराखंड के प्रमुख स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी मामले में सीएम से की बीकेटीसी अध्यक्ष ने मुलाकात,प्रदेश में हाई अलर्ट के निर्देश, सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद।

देहरादून।
उत्तराखंड से इस वक्त की एक बहुत बड़ी और संवेदनशील खबर सामने आ रही है। पिछले दिनों निहंगों द्वारा किए गए उत्पात से फैली अशांति के बाद, अब राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक और संवेदनशील स्थलों को बम से उड़ाने की बड़ी धमकी मिली है। यह धमकी बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने तत्काल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सौंपी।
मुख्यमंत्री धामी ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए गृह सचिव और उत्तराखंड के डीजीपी को मामले की उच्च स्तरीय जांच कर तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश के ठीक बाद, डीजीपी ने पूरे प्रदेश में ‘हाई अलर्ट’ घोषित कर दिया है और सभी प्रमुख धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
इस बीच, BKTC अध्यक्ष ने चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाते हुए एक बड़ी अपील की है। आइए सीधे आपको सुनवाते हैं कि इस पूरे मामले पर BKTC अध्यक्ष का क्या कहना है।
सुनिए बीकेटीसी अध्यक्ष का बयान।
“BKTC अध्यक्ष ने दूरभाष पर भी डीजीपी से बात कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है। उन्होंने देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह के डर या अफवाह में न आएं, हमारी चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित है।”
“हमारी चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित चल रही है। कुछ अराजक तत्व यात्रा में व्यवधान डालने और डर का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से इस तरह की गीदड़भभकी और अफवाहें फैला रहे हैं। हमारी उत्तराखंड पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां बेहद मुस्तैद हैं और ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। श्रद्धालुओं को डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।” हेमन्त द्विवेदी(अध्यक्ष बीकेटीसी)




