
देहरादून।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा 26 नवंबर 2026 को दून विश्वविद्यालय, देहरादून में एक विशेष ‘स्व-गणना (Self-Enumeration) जागरूकता एवं सहायता शिविर’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव (आईएएस) ने छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए उन्हें जनगणना-2027 के अंतर्गत उपलब्ध डिजिटल स्व-गणना सुविधा के महत्व से अवगत कराया तथा युवाओं से तकनीक का उपयोग कर स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी व परिवार की जानकारी दर्ज करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। वहीं, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने निदेशालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के युवा डिजिटल जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय समुदाय से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान उप निदेशक आर. के. बनवारी और निदेशालय की तकनीकी टीम ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने की चरणबद्ध प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन (लाइव डेमो) दिया, जिसकी सहायता से मौके पर ही कई विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अपनी स्व-गणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।




