उत्तराखंडक्राइमधर्मस्व/धार्मिकराजनीति
बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले पर BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का पलटवार, कहा ‘चंदा चोरी की बात करने वाले गणेश गोदियाल ने खुद की थी डकैती।

देहरादून।
- बद्रीनाथ मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तारियों के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार से जवाब मांगा है कि सामने आए तथ्यों के आधार पर मंदिर समिति अध्यक्ष की भूमिका व गंभीर मामले के बावजूद अध्यक्ष को पद से नहीं हटाने पर सवाल खड़े किये है। वहीं BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर पलटवार किया है व गणेश गोदियाल पर ही कई आरोप भी लगा दिये है। उन्होंने कहा कि बद्री-केदार मंदिर समिति करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र है और मामले के सामने आने के बाद तीन स्तरीय जांच चल रही है उसी के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। उन्होने कहा कि मंदिर समिति का उद्देश्य है कि चढ़ावा चोरी में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। द्विवेदी ने गोदियाल पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में विवेकाधीन कोष का निजी इस्तेमाल किया गया व अपने करीबियों को बाटने का काम किया। उन्होने कहा कि करोड़ों की धांधली गोदियाल के कार्यकाल में हुई जिससे स्पष्ट कहा जा सकता है कि चंदा चोरी की बात करने वालों ने खुद डकैती की। BKTC अध्यक्ष ने कहा कि गोदियाल ने अपने कार्यकाल में सीटीवी कैमरे हटवाए और तीन साल के बजाय साढ़े पांच साल तक अध्यक्ष पद पर बने रहे, जो किसी लालच का प्रमाण है। द्विवेदी ने दावा किया कि जबसे उन्होंने मंदिर समिति अध्यक्ष का पद संभाला है तब से आज तक मंदिर के एक भी रुपए का इस्तेमाल अपने स्वार्थ के लिए नहीं किया है। इसके साथ ही घटना के सामने आने के बाद समिति ने तुरंत एक्शन लिया जो भाजपा में ही सम्भव हो पाया है। क्योंकि भाजपा सनातन और अनुशासन की पार्टी है जिसके अंतर्गत आरोपीयों पर कार्यवाही की जा रही है, लेकिन जो लोग धर्म के नाम पर राजनीति कर रहे है उनको जवाब भी देगी।




