
देहरादून।
रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं भोजनमाताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस निर्णय से उन्हें आर्थिक संबल मिलने के साथ मनोबल भी बढ़ेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं और विशेषकर ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा महिलाओं की भागीदारी से प्रदेश के समग्र विकास और महिला एवं बाल विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है। भेंट के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।




