
गोवा, 21 नवंबर 2026।
गोवा में चल रहे 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘WAVES Film Bazaar-2026’ में उत्तराखंड पवेलियन देशी-विदेशी फिल्मकारों और फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। पवेलियन में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्देशक और निर्माता पहुंच रहे हैं, जो उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं और राज्य की फिल्म नीति में गहरी रुचि दिखा रहे हैं।
आज भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की फिल्म नीति की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे बेहतरीन बताया। उन्होंने उत्तराखंड की मनमोहक प्राकृतिक शूटिंग लोकेशंस की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए बेहद शानदार और आकर्षक स्थल मौजूद हैं। साथ ही, उन्होंने फिल्मकारों को सुविधाएं देने और शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी सराहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार की गई ‘उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024’ को WAVES Film Bazaar-2026 में आए देश-विदेश के फिल्मकारों और आगंतुकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। पवेलियन में आने वाले प्रतिनिधि फिल्म नीति के प्रावधानों, शूटिंग की सुविधाओं और सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहनों (सब्सिडी) के बारे में विस्तार से जानकारी ले रहे हैं। उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य और फिल्म निर्माण के अनुकूल माहौल को लेकर फिल्म जगत के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 का विधिवत शुभारंभ बीते दिन दीप प्रज्वलन के साथ गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत द्वारा किया गया था। इस उद्घाटन समारोह में प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, समारोह निदेशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी जैसी प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि IFFI-2026 में उत्तराखंड पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया बेहद उत्साहवर्धक है। देशी-विदेशी फिल्मकारों की इस बढ़ती रुचि से प्रदेश में फिल्म शूटिंग को नए आयाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि परिषद का मुख्य लक्ष्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के एक प्रमुख हब के रूप में विकसित करना है, जिससे फिल्म पर्यटन के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिल सके। इस मौके पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के प्रतिनिधि के तौर पर संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय मौजूद रहे।




