अमरापुर घाट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 हजार मत्स्य बीजों का किया संचयन, गंगा की जैव विविधता संरक्षण पर दिया जोर।

हरिद्वार।
विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर मत्स्य विभाग के कार्यक्रम में शामिल होकर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। इस पहल का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा और जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था और संस्कृति के साथ समृद्ध जैव विविधता का आधार भी हैं, जिनकी निर्मलता व अविरलता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों व पर्यावरण के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है और मत्स्य बीजों का संचयन सतत विकास की दिशा में अहम कदम है। मुख्यमंत्री ने आमजन से गंगा सहित सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को बचाने में जनसहभागिता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि विकास व पर्यावरण के संतुलन से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य बन सकता है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




