उत्तराखंडशासन

36 नए नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र: धामी बोले—बिना सिफारिश तय समय पर हों जनता के काम।

देहरादून।

​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की अन्य बेटियों को भी प्रेरणा मिलेगी। धामी ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की अहम कड़ी हैं, जिनका सीधा संबंध लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा है, इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध व संवेदनशील निस्तारण जरूरी है। उन्होंने पर्वतीय व दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों, खासकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता देने, आपदा के समय नुकसान का सही आकलन करने और बिना सिफारिश के भी जायज काम तत्परता से करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति और ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण व संतुष्टिकरण’ के मंत्र पर काम कर रही है तथा सख्त नकल विरोधी कानून के बीच पिछले 5 साल में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इस दौरान मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों से तहसील स्तर पर आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने का आह्वान किया, जबकि कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस. एन. पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु और विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button