
देहरादून।
देहरादून में अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर दून पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों पर आज जिले भर में एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत पुलिस टीम खुद सीनियर सिटीजन्स के घर-घर पहुंची।
अभियान के दौरान जनपद के शहरी और ग्रामीण, दोनों इलाकों की पुलिस टीमों ने 1,000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशल-क्षेम जानी और उनकी दैनिक समस्याओं का ब्योरा लिया। पुलिस अधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए बुजुर्गों को चीता पुलिस और उच्चाधिकारियों के सीधे मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए।
इसके साथ ही, तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के लिए खास जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस ने बुजुर्गों को सतर्क करते हुए अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
अचानक अपने बीच पहुंची पुलिस टीमों के इस मानवीय रुख और आत्मीय व्यवहार को देखकर बुजुर्गों ने खुशी जताई और दून पुलिस का आभार प्रकट किया।




