‘वॉइस ऑफ पीस’ कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित।

देहरादून, 25 नवम्बर।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘वॉइस ऑफ पीस’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को समर्पित इस कार्यक्रम में कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शहीद के परिजनों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहाँ के हर परिवार का सैन्य परंपरा से गहरा नाता है। सीमा पर जवानों के त्याग और समर्पण के कारण ही आज देश सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने शहीदों के परिजनों की अनुग्रह राशि के साथ-साथ परमवीर चक्र से लेकर मेंशन इन डिस्पैच तक के वीरता पुरस्कार विजेताओं की एकमुश्त और वार्षिक सम्मान राशि में कई गुना वृद्धि की है। उन्होंने ‘वॉइस ऑफ पीस’ जैसे आयोजनों को युवाओं में राष्ट्रप्रेम जगाने का सराहनीय प्रयास बताया।
इस अवसर पर पद्म डॉ. बीकेएस संजय, मेजर जनरल (सेनि) सम्मी सबरवाल, निदेशक रिंकी सिंह, करन सिंह, अभिषेक पाण्डेय, अंकुर खत्री और शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।




